






आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में हत्या के मामले में भी शामिल रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह अभियुक्त पूर्व में एक हत्या के मामले में भी संलिप्त रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 08 सितंबर 2025 को वादी सागर राम ने थाना जहानागंज में सूचना दी थी कि 07 सितंबर 2025 को पुरानी रंजिश के चलते अभियुक्तों ने उसके 22 वर्षीय पुत्र जयहिन्द की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मुकदमा संख्या 278/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था और संबंधित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया था।
बाद में जांच में यह सामने आया कि अभियुक्तगण गिरोहबंद होकर समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं, जिस पर 18 मार्च 2026 को गैंगस्टर एक्ट के तहत एक और मुकदमा पंजीकृत किया गया।
19 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक बीरबल यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त विजय कुमार उर्फ राजेन्द्र भुजही चट्टी के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम विजय कुमार उर्फ राजेन्द्र (उम्र लगभग 45 वर्ष) निवासी ग्राम धनारबाँध, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ बताया। पुलिस ने उसे कारण गिरफ्तारी से अवगत कराते हुए सुबह करीब 05:45 बजे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक बीरबल यादव के साथ कांस्टेबल विशाल चौधरी और कांस्टेबल मुकेश शाह शामिल रहे।
