तेज रफ्तार का कहर: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, एक की मौत, दो लोगो की हालत गंभीर

Uncategorized

आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सरायमीर-दीदारगंज मार्ग पर पुष्प नगर स्थित श्री शंकर जी इंटर कॉलेज के सामने लगभग तीन बजे हुआ, जब दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही दीदारगंज प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने बिना देरी किए एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टीनगंज भिजवाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने मनोज कश्यप पुत्र राधेश्याम कश्यप निवासी पुष्पनगर को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल संतोष मिश्र पुत्र मर्याद मिश्र निवासी पुष्पनगर और रवि गौतम पुत्र योगी निवासी ग्राम हडवां की हालत को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल जौनपुर के लिए रेफर कर दिया। दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
थानाध्यक्ष दीदारगंज जय प्रकाश यादव का कहना है दो बाइक के आमने सामने टक्कर में एक युवक की मौत हुई है । जबकि दो घायल हुए हैं । दोनो घायलों को स्थानीय डॉक्टरों ने जिला अस्पताल जौनपुर के लिए रेफर कर दिया है । मृत युवक के शव को आजमगढ़ जिला मुख्यालय के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *