पुलिस ने महिला चोर गैंग का किया पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार, मंगलसूत्र और पांच हजार रुपये बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। महराजगंज थाना पुलिस ने महिला चोर गिरोह का खुलासा करते हुए पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गया मंगलसूत्र और पांच हजार रुपये नकद बरामद किया है। कार्रवाई एसएसपी डॉ. अनिल कुमार (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।
महराजगंज थाना क्षेत्र के मड़छा हरिबल्लभ गांव निवासी श्रीमती चन्द्रमती पत्नी रामप्रीत राम ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पांच महिलाओं ने उनके पर्स से मंगलसूत्र और पांच हजार रुपये चोरी कर लिया। मामले में थाना महराजगंज पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव व पुलिस टीम ने शुक्रवार को सरैया बाजार से पांचों अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं में राजकुमारी पत्नी धारा प्रसाद, उर्मिला पत्नी छांगुर, सोनम उर्फ रानू पत्नी पंकज उर्फ दीपचन्द निवासी पाउस थाना दोहरीघाट जनपद मऊ, गीता उर्फ चन्दा पत्नी जितेन्द्र निवासी सिधुवापार थाना बड़हलगंज जनपद गोरखपुर तथा संध्या पत्नी सुग्रीव निवासी कोहरी कोहरा थाना गोला जनपद गोरखपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार राजकुमारी के पास से मंगलसूत्र व 700 रुपये, उर्मिला से 900 रुपये, गीता उर्फ चन्दा से 1100 रुपये, सोनम उर्फ रानू से 1000 रुपये तथा संध्या से 1300 रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्ताओं के विरुद्ध धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार, उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव व थाना महराजगंज पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *