अस्पताल में स्टाफ नर्स से मारपीट, अवैध पिस्टल कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़ जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित सलमानी टीचिंग अस्पताल में ड्यूटी के दौरान स्टाफ नर्स के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना तहबरपुर क्षेत्र के बनकट निवासी सूरज मौर्या, जो सलमानी टीचिंग अस्पताल में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 19 मार्च 2026 को तड़के करीब 3:30 बजे ड्यूटी के दौरान एक व्यक्ति उनसे विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने उन पर पिस्टल तान दी और छीनाझपटी के दौरान गला दबाकर मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने 20 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उकरौड़ा से सिक्स लेन जाने वाले मार्ग के बीच से आरोपी गुफरान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गुफरान, निवासी मनचोभा पोस्ट ककरहटा थाना कोतवाली, के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामकिशोर शर्मा समेत थाना कोतवाली की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *