






आजमगढ़। थाना बरदह क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस की सक्रियता से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है। साइबर हेल्प डेस्क की तत्पर कार्रवाई के चलते कुल 59,820 रुपये की ठगी गई रकम वापस कराई गई है।
पहला मामला 22 दिसंबर 2025 का है, जब तिरहुतीपुर सोहौली निवासी श्याम कन्हैया के साथ फोन-पे के माध्यम से 37,600 रुपये की साइबर ठगी हो गई थी। पीड़ित ने अगले ही दिन एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित के बैंक खाते में पूरी राशि होल्ड करा दी। बाद में न्यायालय से फंड रिलीज आदेश प्राप्त होने पर संबंधित बैंक के माध्यम से पीड़ित के खाते में पूरी रकम वापस करा दी गई।
दूसरी घटना 8 दिसंबर 2025 की है, जिसमें नरवे निवासी अनंत कुमार सिंह के बैंक खाते से 25,000 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22,220 रुपये की राशि को अभियुक्त के खाते में होल्ड कराया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद न्यायालय के आदेश पर उक्त राशि भी पीड़ित के खाते में वापस कर दी गई।
दोनों मामलों में थाना बरदह की साइबर हेल्प डेस्क टीम की प्रभावी कार्रवाई से पीड़ितों की कुल 59,820 रुपये की रकम वापस कराई जा सकी। इस कार्रवाई से पुलिस की सतर्कता और साइबर अपराधों के प्रति गंभीरता का परिचय मिला है।
