गांव में आवारा कुत्तों का आतंक, आधा दर्जन बकरों को नोचकर मार डाला, ग्रामीण दहशत में, हजारों रुपए का हुआ नुकसान

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र के अंजान शहीद गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात कुत्तों के झुंड ने एक घर में घुसकर बकरों पर हमला कर दिया, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी तालिब के घर में बाउंड्री के अंदर बने कमरे में बकरे बंद थे। देर रात आवारा कुत्तों के झुंड ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बकरों पर हमला कर दिया। इस हमले में करीब आधा दर्जन बकरों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब पशु मालिक कमरे तक पहुंचा तो अंदर का मंजर देख वह हैरान रह गया। कुछ कुत्ते कमरे के अंदर ही फंसे हुए थे, जिन्हें बाद में बाहर निकाला गया।
पीड़ित के अनुसार, मारे गए बकरे बकरीद के लिए पाले गए थे, जिनकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है। इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और आए दिन पशुओं पर हमले हो रहे हैं। बीते दिनों गांव के ही इसरार अंसारी के भैंस के पाड़े को भी कुत्तों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इतना ही नहीं, कुत्तों के झुंड राहगीरों को भी दौड़ाते हैं, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *