ट्रक ट्राला चोरी का खुलासा, 4 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कप्तानगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ट्रक ट्राला चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी गया ट्राला, उसका इंजन और नंबर प्लेट सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कंधरापुर निवासी ओमप्रकाश गुप्ता ने थाना कप्तानगंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 मार्च से 10 मार्च 2026 के बीच आजमगढ़-फैजाबाद रोड स्थित जेहरापिपरी क्षेत्र से उनका 22 चक्का ट्रक ट्राला चोरी हो गया है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने 22 मार्च को मुखबिर की सूचना पर जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित जमुआई बाजार के पास एक मुर्गी फार्म के निकट दबिश देकर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर ट्रक ट्राला चोरी करते थे और बाद में उसके पार्ट्स अलग-अलग कर बेच देते थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक ट्रक का ट्राला, घटना में प्रयुक्त इंजन, एक अन्य ट्राला जिसमें चोरी गए ट्राले के पहिए लगे थे तथा असली नंबर प्लेट UP53 ET 6227 बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मनोज कुमार विश्वकर्मा, उसका पुत्र आर्यन विश्वकर्मा, मो. आमिर और आसिफ शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई से अंतरजनपदीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *