






आजमगढ़। थाना मुबारकपुर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 दरांती, ₹5800 नगद और 2 एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक मुरारी मिश्र अपनी टीम के साथ थाना जहानागंज में दर्ज गैंगेस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए ग्राम मलिकसुदनी में दबिश देने पहुंचे थे। इसी दौरान विमलेश यादव और अन्य नामजद लोगों ने दरांती व डंडों से लैस होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। हमले का फायदा उठाकर वांछित अभियुक्त मौके से फरार हो गए।
इस घटना के संबंध में थाना मुबारकपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसके बाद उपनिरीक्षक धीरेन्द्र नारायण शुक्ल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मलिकसुदनी तिराहे पर घेराबंदी कर अभियुक्त विमलेश यादव सहित 5 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त विमलेश यादव के पास से ₹5800 नगद और एक विवो मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि अभियुक्ता गुड़िया यादव के पास से भी एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ के बाद अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 2 दरांती भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त विमलेश यादव के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया।
