






आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र में दुबसरा में गोरखपुर से आई बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। लड़की के पिता की सहमति के बिना निकाह करने के लिए दूल्हे समेत बारात के पहुंचने पर हंगामा मच गया। मुन्ना नट पुत्र जहीरुद्दीन निवासी उरुआ जनपद गोरखपुर की लड़की के परिवार से पहले से रिश्तेदारी रही है। परिवार में संपर्क के दौरान शादी की बात चलने लगी। लड़की की मां शादी के लिए तैयार थी। जबकि पिता तैयार नहीं था। मंगलवार को दिन में बारात लेकर मुन्ना लड़की के गांव पहुंच गया। निकाह भी शुरु हो गया। लेकिन तभी लड़की का पिता पहुंच गया और हंगामा करने लगा। निकाह का उसने विरोध किया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दूल्हा, लड़की के पिता और लड़की के चाचा को लेकर डायल 112 पुलिस थाना पहुंची। दोनों पक्षों में सुलह समझौते का प्रयास भी चलता रहा। वहीं लड़की का पिता शादी नहीं होने के लिए अड़ा रहा। उसका कहना था कि वह विरोश कर रहा है लेकिन आगे जो भी होगा, उसकी वह जिम्मेदारी नहीं ले पाएगा। बाद में बारात को वापस लौटना पड़ा।
