






नई दिल्ली/आजमगढ़, दिनांक — संसद भवन में आज 02 अप्रैल को लालगंज (आजमगढ़) के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े दो अत्यंत महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों—शिक्षा का अधिकार और सड़क सुरक्षा अवसंरचना—को जोरदार एवं प्रभावी ढंग से उठाया।
सांसद सरोज ने सदन का ध्यान बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम, 2009 की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि यह केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश के हर बच्चे को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का संवैधानिक संकल्प है। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के अंतर्गत 6 से 14 वर्ष के बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्राप्त है, साथ ही निजी विद्यालयों में वंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए 25% सीटें आरक्षित हैं।
सांसद ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लालगंज एवं आजमगढ़ क्षेत्र में इस कानून का समुचित पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने तथ्य रखा कि हजारों विद्यालयों में से अनेक विद्यालय अब तक RTE पोर्टल पर पंजीकरण तक नहीं कर पाए हैं, जिसके कारण गरीब, दलित, पिछड़े एवं वंचित वर्ग के हजारों बच्चे अपने मौलिक शिक्षा अधिकार से वंचित हैं। उन्होंने सरकार से स्पष्ट जवाबदेही तय करने, लाभार्थी छात्रों की सूची सार्वजनिक करने तथा धनराशि के उपयोग का पूरा ब्यौरा देने की मांग की।
इसके साथ ही सांसद सरोज ने क्षेत्र की एक और ज्वलंत समस्या—वाराणसी-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-233/28) पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं—को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि लालगंज क्षेत्र में आवश्यक अंडरपास, ओवरब्रिज और सुरक्षित क्रॉसिंग (कट) के अभाव में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे कई लोगों की जान जा चुकी है।
