
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बिहार के एक ई-रिक्शा कारोबारी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के कटिहार जनपद के मंझाई थाना क्षेत्र के पकड़िया महुजा गांव निवासी 30 वर्षीय नवरत्न पुत्र राजकुमार पूर्णिया में ई-रिक्शा का शोरूम संचालित करते थे। मंगलवार को वह अपने 22 वर्षीय साथी विपुल के साथ बाइक से निकले थे और परिजनों को पटना जाने की जानकारी दी थी। दोनों पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर लखनऊ की ओर जा रहे थे।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम दोनों को अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान नवरत्न की मौत हो गई। जबकि विपुल को मामूली चोटें आई हैं।
बताया गया कि नवरत्न की शादी करीब पांच माह पहले हुई थी। वह तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
