






आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के शिकार हुए एक युवक को पुलिस ने राहत देते हुए उसके 25 हजार रुपये वापस कराए हैं। ठगी .APK फाइल के जरिए की गई थी, जिसे पुलिस ने जांच में उजागर किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रसूलपुर निवासी सर्फराज अंसारी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से 31 अगस्त 2025 को 25,000 रुपये की साइबर ठगी हो गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
मामले में थानाध्यक्ष के निर्देशन में साइबर टीम ने त्वरित जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि पीड़ित के मोबाइल में एक संदिग्ध .APK फाइल इंस्टॉल होने के कारण खाते से पैसे डेबिट हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल को स्कैन कर फाइल को हटवाया और संबंधित खाते में रकम को फ्रीज कराया।
लगातार समन्वय और कानूनी प्रक्रिया के बाद पूरी 25,000 रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक या .APK फाइल को डाउनलोड न करें और साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
