जिम से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में जिम से लौट रहे युवक पर लाठी-डंडा और पंच से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पंच और डंडा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च को नन्हकी पत्नी बांकेलाल बिन्द निवासी देवापुर ने थाना बरदह में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र गोविन्द (29) रोज की तरह मार्टिनगंज जिम गया था। जिम से वापस लौटते समय रात करीब 10 बजे महुजा पुरानी चीनी मिल के पास 4-5 अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडा और पंच से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए जौनपुर रेफर कर दिया गया। इस मामले में बरदह थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
विवेचना और घायल के बयान के आधार पर इन्द्रेश राजभर, विकास राजभर और अभिषेक राजभर निवासी बनगांव मार्टिनगंज थाना दीदारगंज के नाम सामने आए। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फतुही तिराहे से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इन्द्रेश राजभर के कब्जे से एक पंच तथा विकास और अभिषेक की निशानदेही पर एक डंडा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *