मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आजमगढ़ में तैयारी तेज, हाई लेवल ब्रीफिंग सुरक्षा व्यवस्था पर जोर, 6 अप्रैल को रहेगा रूट डायवर्जन लागू

Uncategorized


आजमगढ़। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन व भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जनपद में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। एक ओर पुलिस लाइन में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए, वहीं कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है।
रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपद एवं अन्य जिलों से आए पुलिस बल व अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, रूट डायवर्जन के प्रभावी क्रियान्वयन और यातायात प्रबंधन को सुचारु रखने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, आवागमन मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में 6 अप्रैल को थाना कन्धरापुर क्षेत्र के मीरिया रेहड़ा गांव में प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक सेहदा अंडरपास से बिलरियागंज की ओर जाने वाले सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को भंवरनाथ चौराहा व जुनैदगंज चौराहा के रास्ते भेजा जाएगा।
वहीं बिलरियागंज चौराहा से सेहदा अंडरपास की ओर जाने वाले वाहन सियराहा तिराहा से आगे नहीं बढ़ेंगे। उन्हें जुनैदगंज और भंवरनाथ चौराहा होते हुए वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन कर कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करें। इस दौरान विभिन्न जनपदों से आए अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिसकर्मी, पीएसी बल और अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *