






आजमगढ़। जनपद के कोतवाली और जहानागंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बैंक धोखाधड़ी व गबन के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त दीनदयाल उपाध्याय के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियुक्त के घर पर नोटिस चस्पा कर डुगडुगी के जरिए मुनादी भी कराई।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 527/2025 में अभियुक्त की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। कई बार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा और न्यायालय में भी उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई।
शनिवार को एक बार फिर कोतवाली और जहानागंज पुलिस ने संयुक्त रूप से उसके घर दबिश दी, लेकिन अभियुक्त का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने विधि-विधान के अनुसार उसके मकान के मुख्य द्वार पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किया और गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की।
मामला 14 अक्टूबर 2025 का है, जब इंडसइंड बैंक, आजमगढ़ के शाखा प्रबंधक उमाकांत यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अभियुक्त ने बैंक के तीन ग्राहकों के खातों से बिना अनुमति धन निकालकर गबन किया। इस मामले में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पर कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
