






आजमगढ़। डीएवी पीजी कॉलेज स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र (48034) की छात्रा इशिता त्रिपाठी ने बी.ए. परीक्षा में 79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली इशिता वर्तमान में आजमगढ़ के अराजीबाग में रहकर अध्ययन कर रही हैं।
यह सम्मान उन्हें नई दिल्ली में आयोजित समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति के हाथों प्रदान किया गया। इशिता के पिता विनोद कुमार त्रिपाठी हैं, जबकि उनकी माता स्वर्गीय डॉ. शैलजा त्रिपाठी थीं, जो श्री अग्रसेन महिला पीजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं।
इशिता त्रिपाठी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों एवं माता-पिता को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य सिविल सेवा में जाकर महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करना है। साथ ही, वे अपनी माता के पदचिह्नों पर चलते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहती हैं।
इस उपलब्धि से परिवार एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. शिल्पा त्रिपाठी ने छात्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य छात्राओं को भी इससे प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने जानकारी दी कि इग्नू में प्रवेश की अंतिम तिथि 26 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है, जिससे इच्छुक छात्र-छात्राएं इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
