






आजमगढ़ के कंधरापुर थाना क्षेत्र के गंगटिया बाजार में यूनियन बैंक के सामने हाईटेंशन लाइन के पोल को ट्रैक्टर से क्षतिग्रस्त करने और मौके पर पहुंची बिजली विभाग की टीम के साथ अभद्रता व गुंडागर्दी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है।
बिजली विभाग के भोर्रा मडया विद्युत केंद्र के जेई सुनील कुमार द्वारा जनसुनवाई में दी गई। तहरीर के अनुसार, सुबह सूचना मिली कि गंगटिया बाजार में ट्रैक्टर की टक्कर से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना पर वह लाइनमैन राजकुमार राय और प्रशांत कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। वहां ट्रैक्टर के साथ मौजूद माधोपट्टी (थाना कंधरापुर) निवासी आयुष यादव उर्फ कृष्णपाल यादव पुत्र जयराम यादव, हरपाल यादव उर्फ लालगुन यादव और एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक मौजूद थे।
आरोप है कि जब बिजली विभाग की टीम सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान के बारे में बात कर रही थी, तभी आरोपी आक्रामक हो गए और टीम के साथ अभद्रता करने लगे। इस दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया गया। इसके बाद आरोपी जबरन ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए।
इस घटना के चलते क्षेत्र की बिजली व्यवस्था कई घंटों तक बाधित रही, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आयुष उर्फ कृष्णपाल यादव और हरपाल यादव के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
