






आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के दिलौरी गांव के पास खेत में 65 वर्षीय राजगीर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर रजमो निवासी महातम सिंह सोमवार को दिन में घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान दिलौरी गांव के पास रेलवे ट्रैक से करीब 100 मीटर दूर खेत में ग्रामीणों ने एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान महातम सिंह के रूप में की और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
बताया जा रहा है कि घर से निकलने से पहले मृतक की परिजनों से कहासुनी हुई थी। मृतक पेशे से राजगीर था और उसके परिवार में एक पुत्र व एक पुत्री हैं।
