






आजमगढ़, 21 मार्च। थाना तहबरपुर क्षेत्र के नासिरुद्दीनपुर गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया, जिसमें लाठी-डंडों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस प्रकरण में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ग्राम नासिरुद्दीनपुर निवासी इन्दल ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही कुछ लोगों ने बच्चों के विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थाना तहबरपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, जिसमें बाद में धारा 109 बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई।
शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर नामजद आरोपी जंगबहादुर (34) और प्रवेश कुमार (25) को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में वरीय उपनिरीक्षक रवीन्द्र प्रताप यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
