






आजमगढ़, 26 अप्रैल 2026।
पुलिस लाइन आजमगढ़ में रविवार को 594 महिला रिक्रूट आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड समारोह गरिमा और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि डीआईजी आजमगढ़ श्री सुनील कुमार सिंह ने परेड की सलामी ली तथा परेड में शामिल 20 टोलियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सभी महिला आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ सेवा करने की शपथ दिलाई गई।
यह 9 माह का आधारभूत प्रशिक्षण 21 जुलाई 2025 से प्रारंभ हुआ था, जिसमें आजमगढ़ की 235, गाजीपुर की 204, मऊ की 104 तथा भदोही की 51 महिला रिक्रूट आरक्षियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को अंतः कक्षीय 8 विषयों एवं बाह्य कक्षीय 10 विषयों में कठोर एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें कानून, पुलिस विज्ञान, शारीरिक दक्षता, शस्त्र संचालन, भीड़ नियंत्रण, साइबर क्राइम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
समारोह का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में किया गया। मुख्य अतिथि डीआईजी श्री सुनील कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने महिला आरक्षियों को सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हुए अनुशासित जीवन जीने और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दीक्षांत परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 19 महिला आरक्षियों को सम्मानित किया गया। इसमें मान्या मौर्या ने सर्वांग सर्वोत्तम (अंतः एवं बाह्य दोनों) का खिताब हासिल किया। वहीं पूजा अस्थाना बाह्य कक्षीय प्रशिक्षण में सर्वोत्तम रहीं।
परेड कमांडर के रूप में गीतांजली शर्मा प्रथम, नमिता यादव द्वितीय और प्राची यादव तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विषयों जैसे भारतीय संविधान, पुलिस विज्ञान, साइबर क्राइम, शस्त्र प्रशिक्षण, भीड़ नियंत्रण, योगासन एवं यातायात नियंत्रण आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षियों को भी सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षकों में अंतः विषय के लिए राजेन्द्र कुमार, आईटीआई प्रशिक्षक के रूप में प्रकाश कुमार तथा पीटीआई प्रशिक्षक के रूप में संजय कुमार को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। वहीं उद्घोषणा के लिए पुलिस उपाधीक्षक शशिमौली पाण्डेय एवं अभय तिवारी को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर एवं यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर, सदर, पुलिस कार्यालय, लालगंज सहित अन्य पुलिस अधिकारी, प्रशिक्षुओं के अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे समारोह का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
