गुमशुदा युवक का शव मिलने से सनसनी, गले पर कट के निशान—हत्या की आशंका, पुलिस फोर्स और फॉरेंसिंक टीम मौके पर जांच पड़ताल और साक्ष्य संकलन में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के थाना तहबरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नसरुद्दीनपुर में 22 वर्षीय गुमशुदा युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन तथा क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने का प्रयास किया।
मामले की जांच के लिए एसओजी टीम और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर कटने के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि युवक कुछ समय से लापता था और अब उसका शव बरामद हुआ है। गले पर कट के निशान मिलने के बाद सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *