






फायरिंग से मची अफरा-तफरी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
आज़मगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के डीह कैथौली गांव में सोमवार रात हल्दी समारोह में युवक ने पिस्टल से फायर कर किशोर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली किशोर के पेट में लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। डीह कैथौली निवासी छोटेलाल पुत्र छेदी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि पड़ोस में हल्दी रस्म का कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 10:30 बजे गांव का ही रहने वाला आक्रोश गुप्ता पुत्र सुरेश गुप्ता मौके पर पहुंचा और ननिहाल आए सत्यम गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता निवासी फुलवरिया, थाना अहरौला को पिस्टल से गोली मार दी। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल सत्यम को तत्काल जौनपुर जिले के शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दीदारगंज थानाध्यक्ष निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
