रातभर चला सघन चेकिंग अभियान, एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने खुद संभाली कमान, रात भर संदिग्धों की जांच, गो-तस्करी और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के निर्देश

Uncategorized

आजमगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए बुधवार की रात पुलिस ने व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेश और अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के निर्देश पर चलाए गए अभियान में प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्वयं सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली तिराहे सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान होटल, ढाबों, लॉज और रोडवेज बस स्टैंड पर भी संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की गई। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को गो-तस्करी, अवैध शराब तथा मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *