पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में आजमगढ़ के पत्रकार की मौत, बेटी से मिलने लखनऊ जा रहे थे रघुवंश मणि, 89वें किलोमीटर पर खड़ी कार में पीछे से वाहन ने मारी टक्कर

Uncategorized

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे में आजमगढ़ के पत्रकार रघुवंश मणि त्रिपाठी (52) की मौत हो गई। वह पवई थाना क्षेत्र के पवई गांव के निवासी थे। हादसा आजमगढ़ से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर 89वें किलोमीटर के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि किसी बड़े वाहन ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, रघुवंश मणि त्रिपाठी की पुत्री ने बच्चे को जन्म दिया था। उनकी पुत्री लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद वह उससे मिलने के लिए गुरुवार तड़के करीब दो बजे घर से अकेले कार लेकर लखनऊ के लिए निकले थे। करीब 100 किलोमीटर तक कार चलाने के बाद उन्हें झपकी आने लगी। ऐसे में उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाईं ओर किनारे कार रोक दी और आराम करने लगे।
इसी दौरान पीछे से आए किसी बड़े वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रघुवंश मणि त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अयोध्या स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *