बाइक से गिरकर महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम, पुत्र के साथ रिश्तेदारी से लौट रही थी, अचानक संतुलन बिगड़ा

Uncategorized

अतरौलिया (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक से गिरकर एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद अंबेडकरनगर के टांडा थाना क्षेत्र स्थित चितौरा ईदगाह निवासी 45 वर्षीय सविता देवी पत्नी रामसेवक यादव अपने पुत्र मुलायम यादव के साथ आजमगढ़ से रिश्तेदारी से वापस घर लौट रही थीं। रास्ते में अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर के समीप अचानक बाइक पर पीछे बैठी सविता देवी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं।
गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें नजदीकी सौ सैया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पुत्र मुलायम यादव के अनुसार हादसा अचानक हुआ, जिससे उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला। सविता देवी अपने पीछे तीन पुत्र—मुलायम यादव, अखिलेश यादव और धनंजय—छोड़ गई हैं, जबकि उनकी दो बेटियां पहले से विवाहित हैं। परिवार के मुखिया रामसेवक यादव मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *