






सुल्तानपुर जिले में मंगलवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें एक पांच वर्षीय बच्ची समेत 12 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी गंभीर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह प्राइवेट बस पंजाब के लुधियाना से यात्रियों को लेकर आजमगढ़ आ रही थी। सुबह करीब छह बजे धनपतगंज थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 108 के पास अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस एक्सप्रेसवे पर ही पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन, एंबुलेंस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरेभार भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारु निगम स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
धनपतगंज थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी इमरजेंसी सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही सुरक्षित यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कराई गई। प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना या तेज रफ्तार के चलते संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
