संदिग्ध हालात में बारात में मौत, परिजनों ने लगाया शराब में जहर मिला कर देने का आरोप, जयमाल स्टेज के पीछे घंटों पड़ा रहा, नहीं दो सूचना

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के लीलाई गांव निवासी 55 वर्षीय रामअवध बिंद पुत्र मुनेश्वर की जौनपुर जनपद के खेतासराय थाना क्षेत्र के महरौडा गांव में बारात के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रामअवध बिंद मंगलवार को गांव के सुनील बिंद की बारात में शामिल होने जौनपुर गए थे। रात करीब 11 बजे उन्होंने परिजनों को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि बारात में किसी ने शराब में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र रविन्द्र बिंद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, मृतक जयमाल स्टेज के पीछे अचेत अवस्था में मिले थे और घटना की सूचना समय पर किसी ने नहीं दी। यहां तक कि मृतक के साथ गए रिश्तेदारों को भी जानकारी नहीं दी गई, जिससे शक और गहरा गया है।
मृतक अपने पीछे पत्नी लालती देवी सहित पांच पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *