






आजमगढ़। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचे भाजपा नेता जयनाथ सिंह का बुधवार को कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। करतालपुर स्थित उनके कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें ‘झालमुड़ी’ और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया और जीत की खुशी साझा की। इस दौरान मौजूद सभी लोगों ने भी झालमुड़ी का स्वाद चखा।
मीडिया से बातचीत में जयनाथ सिंह ने बताया कि वे पिछले सवा महीने से पार्टी के निर्देश पर जंगीपुर जिले में, जो बांग्लादेश सीमा से सटा है, बतौर प्रवासी प्रभारी रहकर प्रचार कार्य में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि पूरे देश की नजरें बंगाल चुनाव पर थीं और वहां की जनता ने कथित कुशासन, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर मतदान किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन के दौरान ‘कट मनी’ वसूली और अत्याचार चरम पर था, जिससे आम जनता परेशान थी। जयनाथ सिंह ने कहा कि जंगीपुर क्षेत्र में उन्होंने खुद लोगों के बीच भय का माहौल देखा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ की समस्या के कारण स्थानीय हिंदू समुदाय भय में जी रहा था, लेकिन इस बार केंद्रीय बलों की तैनाती के चलते लोगों ने निडर होकर मतदान किया। उन्होंने चुनाव आयोग की सराहना करते हुए कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों की सक्रियता से लोगों को सुरक्षित वातावरण मिला और वे घरों से निकलकर मतदान करने पहुंचे।
भाजपा नेता ने बताया कि जंगीपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में से तीन पर भाजपा की जीत ऐतिहासिक है, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार पार्टी को वहां यह सफलता मिली है। उन्होंने इसे पार्टी नेतृत्व की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।
इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना लागू न होने पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे गरीबों को इलाज में परेशानी हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और मिठाई व झालमुड़ी बांटकर जीत का जश्न मनाया गया।
