फर्जी जमानत गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, कई संगीन मामलों में है आरोपी

Uncategorized

आजमगढ़। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपराधियों की जमानत कराने वाले गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत जीयनपुर पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, कुछ तथाकथित वकीलों एवं जमानतदारों द्वारा आर्थिक लाभ के लिए कूटरचित अभिलेख तैयार कर गंभीर अपराधों में जेल में बंद अभियुक्तों की जमानत कराई जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि एक ही जमानतदार द्वारा समान दस्तावेजों का प्रयोग कर कई अभियुक्तों की जमानत कराई गई, जिससे संगठित गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि हुई।
इस मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जीयनपुर पुलिस ने वांछित अभियुक्त रामचन्द्र यादव उर्फ मैकू यादव उर्फ सत्यम यादव निवासी भरौली, थाना जीयनपुर को शुक्रवार देर रात गोरखपुर जिला कारागार के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी फर्जी जमानत प्रकरण में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। उसके विरुद्ध पहले से ही आजमगढ़, मऊ, जौनपुर और वाराणसी जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा धोखाधड़ी समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाले तथा फर्जी अभिलेखों के जरिए अपराधियों को लाभ पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *