






आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में नमाज के समय डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, वहीं महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। तनाव के बीच शांति व्यवस्था कायम है।
बताया जा रहा है कि गौरी गांव के लोग मस्जिद में नमाज अदा कर रहे थे। इसी दौरान पासी बस्ती से एक बारात डीजे बजाते हुए गुजर रही थी। नमाज के दौरान शोर-शराबा न हो, इसके लिए स्थानीय लोगों ने डीजे को कुछ दूरी पर ले जाने या बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बारात पक्ष के कुछ लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, राम अवतार, अजय, किशन, सोनू, अर्जुन, कलुआ, अमित समेत 20–25 अज्ञात लोगों ने मिलकर पथराव किया।
इस हमले में गुफ्तार, समीर, शब्बीर, थमसुन और तमन्ना सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है।
पीड़ित गुफ्तार पुत्र हाजी वजीर ने गंभीरपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और गांव में तनाव को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
