अम्बेडकर जयंती की तैयारी के दौरान मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत, आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के थाना बिलरियागंज क्षेत्र में अम्बेडकर जयंती की तैयारी के दौरान हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपी को दबोचकर न्यायालय भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नसीरपुर फतेहपुर निवासी प्रदीप कुमार ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर बताया कि उनके पिता अम्बेडकर जयंती मनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही निवासी सुरंजन कुमार ने इसका विरोध करते हुए उन्हें रास्ते में रोक लिया और मारपीट करते हुए जोरदार धक्का दे दिया। इस घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मामले की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 94/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 15 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक इसरार अहमद खान अपनी टीम के साथ सक्रिय हुए और आरोपी सुरंजन कुमार, उम्र करीब 38 वर्ष, निवासी नसीरपुर फतेहपुर को गुलवा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यकतानुसार अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *