






आजमगढ़। थाना सिधारी पुलिस की संवेदनशील और सराहनीय पहल से एक महिला और उसके पांच बच्चों को दोबारा उनका वैवाहिक आवास मिल गया। पुलिस की सतत कोशिशों और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में वर्षों पुराने पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री शुभम तोदी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक सिधारी श्री राजीव कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सभी पक्षों से लगातार संवाद और समन्वय स्थापित किया। लंबे समय से पीड़ित महिला को न्याय और आवास दिलाने के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन विभिन्न कारणों से मामला सुलझ नहीं पा रहा था।
इसी क्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट एफटीसी (जूनियर डिवीजन) आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में उप निरीक्षक पूनम विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए महिला और उसके पांचों बच्चों को पुनः उनके घर में सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक आवासित कराया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूरी तरह शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
इस कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मिश्र, उप निरीक्षक पूनम विश्वकर्मा, आरक्षी सत्यम श्रीवास्तव एवं आरक्षी विजय कुमार शामिल रहे। पुलिस विभाग ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें न्याय दिलाने के लिए जनपद पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।
