आगामी त्योहार को थाने में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

Uncategorized

आजमगढ़। आगामी पर्व बकरीद को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से निजामाबाद थाना परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने की। इसमें थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मिलजुल कर त्योहार मनाने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत स्थानों पर ही की जाए। यदि कोई व्यक्ति कुर्बानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी प्रशासन ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। थानाध्यक्ष ने कहा कि कुर्बानी के अपशिष्ट को कम से कम 8 फीट गहरे गड्ढे में नमक के साथ डालकर मिट्टी से पूरी तरह ढक दिया जाए, ताकि गंदगी एवं संक्रमण न फैले। साथ ही किसी भी नाले या सार्वजनिक स्थान पर रक्त प्रवाहित न होने देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नमाज व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। प्रशासन की ओर से कहा गया कि बकरीद की नमाज किसी सड़क, चौराहे अथवा सार्वजनिक मार्ग पर अदा न की जाए, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक का माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण रहा। उपस्थित ग्राम प्रधानों, वरिष्ठ नागरिकों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए बकरीद का त्योहार प्रेम एवं भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा, उपनिरीक्षक लच्छीराम राजभर, दीवान नरेन्द्र नारायण यादव, कांस्टेबल संजीव कुमार, अभिषेक सिंह, फरिहा ग्राम प्रधान अबूबकर खान, बालगोविंद यादव, सत्येन्द्र चौहान, भाजपा मीडिया प्रभारी अबुल कैश फैजी, विनोद कुमार प्रधान, कयामुद्दीन, शाकिब खान, रुम्मू खान, दानिश प्रधान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *