अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर जिला महिला चिकित्सालय में भव्य समारोह आयोजित

Uncategorized

आजमगढ़: जिला महिला चिकित्सालय आजमगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर 22 मई 2026 को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आधुनिक नर्सिंग सेवा की जननी मानी जाने वाली फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार सिंह के सौजन्य से सभी नर्सिंग ऑफिसर्स, वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर्स एवं स्टाफ नर्सों द्वारा केक काटकर अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया।
समारोह में फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी नर्सिंग कर्मियों ने संकल्प लिया कि वे फ्लोरेंस नाइटिंगेल के बताए मार्ग पर चलते हुए प्रत्येक मरीज को समर्पण, संवेदनशीलता और पूर्ण चिकित्सकीय ज्ञान के साथ सेवा प्रदान करेंगे। साथ ही यह भी शपथ ली गई कि किसी भी मरीज की गोपनीयता भंग नहीं की जाएगी तथा हर परिस्थिति में मरीजों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.डी. सिंह यादव ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार सिंह ने कहा कि फ्लोरेंस नाइटिंगेल केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि मानवता की सेवा का प्रतीक हैं। उन्होंने युद्ध और संकट के समय भी मरीजों की सेवा कर यह संदेश दिया कि चिकित्सा सेवा सबसे बड़ा मानवीय धर्म है। उन्होंने कहा कि फ्लोरेंस नाइटिंगेल को “लेडी विद द लैम्प” के नाम से जाना जाता है क्योंकि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी हाथ में लैम्प लेकर घायल सैनिकों की सेवा की थी।
डॉ. सिंह ने कहा कि जिला महिला चिकित्सालय निरंतर मरीजों की सेवा के आदर्श केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है और शासन की मंशा के अनुरूप वैज्ञानिक एवं संवेदनशील चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरा स्टाफ सदैव तत्पर है। उन्होंने सभी नर्सिंग कर्मियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यों के माध्यम से चिकित्सालय को प्रदेश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट पहचान दिलाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम में डॉ. ज्योतना द्विवेदी, छाया राय, विमला कलवार, स्मिता राय सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग ऑफिसर्स एवं चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन नर्सिंग ऑफिसर शकुन्ता यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया। समारोह के उपरांत सामूहिक फोटोग्राफी भी कराई गई, जिसे स्मृति स्वरूप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कक्ष में लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *