वृद्ध की मौत पर बेटी ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Uncategorized

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कंजरा दिलशादपुर गांव निवासी 60 वर्षीय रामलखन चौहान की रविवार को एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद उनकी बेटी ने पिता को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामलखन चौहान ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी राजमती से उन्हें दो बेटे और एक बेटी, जबकि दूसरी पत्नी संध्या से दो बेटियां हैं। परिजनों का कहना है कि वह पिछले करीब 12 वर्षों से अपने भतीजे चंद्रशेखर के साथ रह रहे थे। करीब एक सप्ताह से उनकी तबीयत खराब थी और शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलने के बाद उनकी बेटी अनीता ने आरोप लगाया कि उनके पिता को जहर देकर मार दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *