
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के 11 अगस्त को प्रस्तावित आजमगढ़ दौरे को लेकर जनपद पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। दौरे से एक दिन पहले सोमवार को वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने वीवीआईपी ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी प्वाइंट, रूट प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग तथा आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित और समन्वित कार्रवाई को लेकर विस्तार से निर्देशित किया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचें और पूरी सतर्कता, अनुशासन तथा जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ब्रीफिंग में जनपद के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा वीवीआईपी ड्यूटी के लिए अन्य जनपदों से आए पुलिस अधिकारी और जवान भी शामिल हुए।
आजमगढ़ पुलिस ने बताया कि राज्यपाल के जनपद आगमन को लेकर सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
