आजमगढ़: गोपनीय जानकारी आरोपियों तक पहुंचाने के आरोप में दरोगा और सिपाही निलंबित

Uncategorized

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और गोपनीयता भंग करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना अहरौला में तैनात उपनिरीक्षक कृष्णकांत यादव और आरक्षी (ना.पु.) जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतते हुए अपराधियों और अभियुक्तों से अनधिकृत रूप से दूरभाष और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क रखा। उन पर अभियोग और जांच से संबंधित गोपनीय सूचनाएं व दस्तावेज साझा करने, अभियुक्तों को अनुचित लाभ पहुंचाने, जांच को प्रभावित करने, विभागीय गोपनीयता भंग करने तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप हैं।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करें तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों का अक्षरशः पालन करें। अनुशासनहीनता या कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *