
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधी और अंतरजनपदीय शातिर गोतस्कर को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी प्रभारी कस्बा मुबारकपुर उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बावन बीघा मैदान, शहीदनगर इस्लामपुरा के पास झाड़ियों में संदिग्ध अवस्था में मौजूद एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान मो. अबू बकर (24 वर्ष), पुत्र महमूद आलम, निवासी पूरारानी, थाना मुबारकपुर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुबारकपुर थाना का टॉप-10 अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम, पर्यावरण अधिनियम, महामारी अधिनियम और उत्तर प्रदेश गुंडा अधिनियम समेत कई गंभीर मुकदमे आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में दर्ज हैं।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुबारकपुर थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल भानु पांडेय, कांस्टेबल छोटेलाल और कांस्टेबल कुलदीप ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
