राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय एलवल में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

Uncategorized

आजमगढ़, 13 मई 2026। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बुधवार को राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय एलवल का औचक निरीक्षण कर चिकित्सीय व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ओपीडी कक्ष में पहुंचकर मरीजों से संवाद किया तथा अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर आयुर्वेदिक डॉ. मोनिका अग्रवाल ने बताया कि जनपद में आयुर्वेद के 49 तथा यूनानी के 11 चिकित्सालय संचालित हैं, जिनमें दवाओं की उपलब्धता केन्द्रीय औषधि स्टोर के माध्यम से सुनिश्चित कराई जाती है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्रीय औषधि स्टोर रूम, औषधि वितरण कक्ष, योग अभ्यास हाल, शौचालय तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। केन्द्रीय औषधि स्टोर में उन्होंने पाया कि आयुर्वेदिक दवाओं के पाउडर पैकेट सीलनयुक्त फर्श पर रखे गए हैं, जिससे दवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए औषधि वितरण प्रभारी को निर्देश दिया कि तीन दिन के भीतर समस्त दवा स्टॉक को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रखा जाए तथा इसकी अनुपालन आख्या प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी ने स्टोर में उपलब्ध आयुर्वेदिक एवं यूनानी दवाओं की एक्सपायरी डेट की भी जांच की, जो सही पाई गई। वहीं चिकित्सालय परिसर में कई कक्ष बंद एवं अक्रियाशील मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी कक्षों को शीघ्र संचालित कर जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा शासन की मंशानुसार दवाओं का निःशुल्क वितरण सुनिश्चित करते हुए आयुष सेवाओं को अधिक जनोपयोगी बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *