थाना में नवनिर्मित आरक्षी बैरक और मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन, एक पुलिस चौकी के पुनरोद्धार के बाद लोकार्पण, DIG और SSP ने संयुक्त रूप से किया शुभारंभ

Uncategorized

आजमगढ़: थाना कप्तानगंज में पुलिस विभाग को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने गुरुवार को नवनिर्मित आदर्श आरक्षी बैरक, मिशन शक्ति केन्द्र तथा बड़सरा खालसा पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया। लगभग ₹101.85 लाख की लागत से तैयार इन भवनों से पुलिस व्यवस्था और जवानों की सुविधाएं और मजबूत होंगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर तथा अंडर ट्रेनिंग आईपीएस प्रेम सुख दरिया समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड द्वारा निर्मित इन भवनों में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
नवनिर्मित भवन में कार्यालय, बैरक, शौचालय, किचन, मेस स्टोर, मालखाना, पुरुष एवं महिला हवालात, कम्प्यूटर कक्ष और शस्त्रागार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि इससे पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
इस दौरान अधिकारियों ने नवनियुक्त आरक्षियों से संवाद कर उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशील पुलिसिंग और जनसहभागिता के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही आमजन से बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस की छवि को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *