






आजमगढ़। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में दीवानी कचहरी के अधिवक्ता सोमवार को पूरे दिन सामूहिक अवकाश पर रहे। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने शासन विरोधी नारे लगाते हुए न्यायालय परिसर में प्रदर्शन किया और गिरजाघर चौराहे पर करीब दस मिनट तक चक्का जाम भी किया।
इस संबंध में दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने की, जबकि संचालन मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित ने किया। बैठक में लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई।
बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर न्यायालय परिसर में चक्रमण किया और शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने मांग की कि लाठीचार्ज में घायल प्रत्येक अधिवक्ता को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।
अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को भी सौंपा। प्रदर्शन और जुलूस में अध्यक्ष प्रभाकर सिंह, मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित, पूर्व मंत्री अनिल कुमार सिंह, पूर्व मंत्री जगदीश प्रसाद यादव, अरुणेंद्र कुमार सिंह, राजेश सिंह, पंकज सिंह, संजय कुमार सिंह, अमित दूबे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
