






आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलाघाट पर घाघरा नदी में डूबे युवक की तलाश प्रशासन द्वारा लगातार जारी है, हालांकि लगभग 22 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।
जानकारी के अनुसार बीते रविवार दोपहर को सरवन यादव सहित कुल 6 युवक गोलाघाट पर घाघरा नदी में स्नान करने गए थे। नहाते समय चार युवक गहरे पानी में डूबने लगे, जिसमें से नाविकों की मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सरवन यादव (उम्र लगभग 25 वर्ष) पुत्र चंद्रिका यादव निवासी पिहार नवतपी थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही सगड़ी एसडीएम श्याम प्रताप सिंह, तहसीलदार विवेकानंद सहित पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एसडीआरएफ टीम और स्थानीय नाविकों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन सोमवार दोपहर 12:30 बजे तक भी युवक का पता नहीं चल सका।
इधर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि तालाब, पोखर और नदियों में बच्चों को स्नान करने से रोका जाए, क्योंकि हाल के दिनों में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को जल स्रोतों के पास अकेला न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ही खेलने दें। उन्होंने नाव यात्रा को लेकर भी निर्देश दिए कि जर्जर नावों का उपयोग न किया जाए, छोटे बच्चों को अकेले नाव पर न बैठाया जाए तथा लाइफ जैकेट का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नशे की हालत में किसी भी व्यक्ति को पानी में प्रवेश नहीं करना चाहिए और गहरे पानी में जाना जानलेवा हो सकता है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी में खेलकूद, सेल्फी या जोखिम भरी गतिविधियों से बचें।
प्रशासन का कहना है कि एसडीआरएफ और स्थानीय टीमों द्वारा लगातार खोजबीन जारी है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
