






आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के गोलाघाट पर घाघरा नदी में डूबे युवक का शव लगभग 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से प्रशासन, एसडीआरएफ टीम और स्थानीय नाविक युवक की लगातार तलाश कर रहे थे। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के पिहार नवतपी गांव निवासी सरवन यादव (25 वर्ष) पुत्र चंद्रिका यादव रविवार दोपहर अपने पांच अन्य साथियों के साथ गोलाघाट पर घाघरा नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए तीन युवकों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सरवन यादव गहरे पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और एसडीआरएफ टीम के साथ स्थानीय नाविकों द्वारा युवक की तलाश शुरू कर दी गई। लगातार करीब 24 घंटे चले खोज अभियान के बाद सोमवार शाम सरवन यादव का शव घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर नदी में बरामद किया गया।
शव मिलने की सूचना के बाद मृतक की माता सुमित्रा देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
सोमवार शाम करीब पांच बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
