






आजमगढ़। तिवारीपुर सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को “समर पूल पार्टी, वाटरमेलन एवं आइसक्रीम डे” का रंगारंग आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच बच्चों के चेहरों पर अलग ही खुशी देखने को मिली, जब नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों ने पूल पार्टी में ठंडे पानी के बीच जमकर मस्ती की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पूल में बॉल, गुब्बारे, ट्यूब और फुटबॉल के साथ खेलते हुए खूब आनंद लिया। इसके बाद “वाटरमेलन डे” के तहत बच्चों को तरबूज का वितरण किया गया, जिसे उन्होंने बड़े उत्साह के साथ खाया। वहीं “आइसक्रीम डे” पर सभी छात्र-छात्राओं को ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खिलाकर गर्मी में राहत दी गई।
विद्यालय प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों का मन तरोताजा रहता है और उनमें नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए समय-समय पर ऐसे आयोजन आवश्यक हैं।
प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने बताया कि बच्चों को कार्यक्रम के दौरान गर्मी से बचाव के उपाय भी बताए गए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए और डिहाइड्रेशन से बचना जरूरी है।
विद्यालय के अकादमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य ने बच्चों को धूप से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढककर निकलना चाहिए तथा अधिक देर तक धूप में नहीं रहना चाहिए। साथ ही बच्चों को पानी के महत्व और उसके संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, मीनाक्षी अस्थाना, दीपिका सिंह, किशन यादव, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, अजय यादव, राहुल तिवारी, आरोही मोदनवाल, प्रेमा यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
