






आजमगढ़। थाना रानी की सराय पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 22.684 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से 500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रानी की सराय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति ग्राम कोटिला कट स्थित करीम होटल के पास अवैध गांजा के साथ मौजूद हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दिनांक 20.05.2026 को सुबह करीब 09:05 बजे दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ऋषभ यादव (21 वर्ष), निवासी अमोला बुजुर्ग थाना कटका जनपद अम्बेडकर नगर और संदीप यादव (19 वर्ष), निवासी नूरपुर कला थाना कटका जनपद अम्बेडकर नगर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 22.684 किलोग्राम अवैध गांजा, 500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन तथा स्विफ्ट कार संख्या JH01AX7700 बरामद हुई।
इस संबंध में थाना रानी की सराय में मु0अ0सं0 122/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है, जिसमें एक अन्य आरोपी राकेश उर्फ सोनू का नाम भी शामिल है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
