






आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कन्धरापुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार दोनों आरोपी चोरी, नकबजनी और सेंधमारी की अनेक घटनाओं में सक्रिय एक संगठित गिरोह के सदस्य बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। इनके खिलाफ थाना कन्धरापुर, तहबरपुर और निजामाबाद क्षेत्रों में आवासीय मकानों, विद्यालयों, गोदामों तथा अन्य प्रतिष्ठानों में चोरी की कई घटनाएं दर्ज हैं। पुलिस द्वारा पूर्व में इन मामलों का सफल अनावरण कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया जा चुका है।
गिरोह की गतिविधियों से आमजन में भय और आतंक का माहौल व्याप्त था। इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कन्धरापुर पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी की स्वीकृति प्राप्त की। इसके आधार पर थाना कन्धरापुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने रविवार सुबह गैंगस्टर एक्ट में वांछित हरिकेश यादव (37) निवासी देवपार, थाना कन्धरापुर को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस टीम ने शैलेश कुमार यादव (27) निवासी खोजापुर माधोपट्टी, थाना कन्धरापुर को भी उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हरिकेश यादव के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी, चोरी एवं नकबजनी समेत गंभीर अपराधों के 41 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं शैलेश कुमार यादव के खिलाफ चोरी, नकबजनी एवं संगठित अपराध से संबंधित 11 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, महिला उपनिरीक्षक खुशबू सहित थाना कन्धरापुर पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
