
आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर महिला से टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 3,000 रुपये नकद, चांदी की एक जोड़ी पायल और महिला का पर्स बरामद हुआ है। वहीं, चांदी का सामान खरीदने वाले चंदौली के एक सोनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सोनोग्राफी कराने के बाद महिला को बनाया था निशाना
रानी की सराय थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने 19 अगस्त 2026 को कोतवाली थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह बिलरिया की चुंगी स्थित सोगरा सोनोग्राफी सेंटर पर सोनोग्राफी कराने के बाद शाम करीब 4:45 बजे चाय पीने के लिए बिलरिया की चुंगी तिराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान चौराहे से पहले दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचे और बातचीत करने लगे।
आरोप है कि दोनों ने पूजा-पाठ और पुत्र प्राप्ति की बातें करते हुए महिला को अपने विश्वास में लिया। इसके बाद बहला-फुसलाकर उसके दोनों कानों के झाले, गले का लॉकेट और पर्स में रखे 5,000 रुपये निकलवा लिए और मौके से फरार हो गए। महिला की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 430/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस ने टीम गठित कर मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोडवेज बंधा के पास से तीन आरोपियों को शाम 4:33 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम खां पुत्र मंजूर खां निवासी हुसैन टेकरी, जावरा, जिला रतलाम (मध्य प्रदेश), अरशद वारसी पुत्र असलम हुसैन उर्फ असलम खां निवासी हुसैन टेकरी, जावरा और इरफान अली पुत्र अकरम अली निवासी हुसैन टेकरी, जावरा के रूप में हुई। तीनों की उम्र क्रमश: करीब 50, 27 और 39 वर्ष है।
सोने का सामान चंदौली में बेचा, पायल झाड़ियों में छिपाई
पूछताछ में असलम खां ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को बिलरिया की चुंगी पर महिला को पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर ठगी की गई थी। महिला के कान का सोने का झाला और गले का मंगलसूत्र चंदौली के दुल्हीपुर स्थित हर्ष ज्वैलर्स पर 58 हजार रुपये में बेचा गया। आरोपी के मुताबिक सोने के सामान को उसके सामने ही गला दिया गया था।
महिला के पर्स में रखे रुपये आरोपियों ने निकाल लिए थे, जबकि चांदी की पायल को पर्स सहित झाड़ियों में छिपा दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 3,000 रुपये नकद, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल और पर्स बरामद किया।
सामान खरीदने वाला सोनार भी गिरफ्तार
मामले में आजमगढ़ पुलिस ने चंदौली पुलिस से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद चोरी का सोना खरीदने वाले सोनार सुरेश सेठ पुत्र राधेश्याम सेठ, निवासी मड़या नई बस्ती पड़ाव, थाना मुगलसराय, चंदौली को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
