₹50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का गैंग लीडर लखनऊ से गिरफ्तार, आजमगढ़ निवासी आरोपी को लाया गया, गैंग के कई सदस्य सक्रिय

Uncategorized

आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के ₹50 हजार के इनामी गैंग लीडर प्रमोद कुमार को लखनऊ के परिवर्तन चौक से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, प्रमोद कुमार पुत्र जयकरन उर्फ सहदेव, निवासी पुसड़ा आईमा, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़, एक संगठित मोटरसाइकिल चोर गिरोह का गैंग लीडर है। गिरोह आजमगढ़ समेत आसपास के जिलों और अन्य स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बेचता था।
छह सदस्य पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
10 दिसंबर 2024 को कोतवाली पुलिस ने बवाली मोड़ के पास वाहन चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इनमें मोनू चौहान, बब्लू चौहान, प्रमोद कुमार, मुनचुन चौहान, कमलेश चौहान और अंकित यादव शामिल थे। मौके से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं। तलाशी में बब्लू चौहान और प्रमोद कुमार के पास से .315 बोर के तमंचे और कारतूस भी मिले थे।
पूछताछ में सामने आया था कि चोरी की मोटरसाइकिलों को सठियांव बाजार स्थित अवधेश ऑटो गैरेज ले जाया जाता था। वहां वाहनों के पार्ट्स अलग कर कुछ सामान कबाड़ी को बेच दिया जाता था, जबकि अच्छे पार्ट्स को दूसरी मोटरसाइकिलों में लगाकर खपाया जाता था।
पुलिस ने गैरेज से चार चोरी की मोटरसाइकिलें और विभिन्न पार्ट्स बरामद किए थे। इसके अलावा कबाड़ी की दुकान से दो चेचिस, दो इंजन, एक टंकी, चार-चार आगे और पीछे के शॉकर, दो चैन स्पॉकेट और चार पैर स्टैंड समेत अन्य सामान बरामद हुआ था। जांच में बरामद वाहनों का संबंध कोतवाली, मुबारकपुर और दिल्ली के मुखर्जी नगर नॉर्थ वेस्ट थाने में दर्ज मुकदमों से पाया गया था।
गैंगस्टर एक्ट में दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए संगठित तरीके से अपराध करता था। इसके चलते गिरोह का गैंगचार्ट तैयार कर जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 102/26, धारा 2(B)(1)/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
इस मुकदमे में वांछित प्रमोद कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की ओर से ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
परिवर्तन चौक से दबोचा
पुलिस के अनुसार, कोतवाली आजमगढ़ और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 28 अगस्त 2026 को शाम करीब 5:30 बजे लखनऊ के परिवर्तन चौक चौराहे के पास प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रमोद कुमार के खिलाफ चोरी, चोरी का माल रखने/खपाने, धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *