



आजमगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में आयोजित 99 यूपी बटालियन एनसीसी के दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिविर में कैडेटों को साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा और अग्निशमन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही वाराणसी ग्रुप मुख्यालय से पहुंचे ग्रुप एडम ऑफिसर कर्नल बी.एस. डोगरा ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कर्नल डोगरा ने कैम्प के कोत, मेस, एमआई रूम, लिविंग एरिया, फ्लैग एरिया तथा रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया। उन्होंने कैम्प कमांडेंट, डिप्टी कैम्प कमांडेंट, एएनओ, पीआई स्टाफ एवं कैडेटों से बातचीत कर शिविर की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
कैडेटों को संबोधित करते हुए कर्नल डोगरा ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। उन्होंने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षित युवा देश का श्रेष्ठ और जिम्मेदार नागरिक बनता है तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शिविर में जनपद की सिविल डिफेंस टीम द्वारा भी विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। साइबर सेल से पहुंचे साइबर कॉप ओ.पी. जायसवाल, मुकेश कुमार तथा एसआई योगेन्द्र प्रसाद ने कैडेटों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराधों और डिजिटल सुरक्षा के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
वहीं मिशन शक्ति टीम के एसआई वरुणेश मिश्रा और शिखा तिवारी ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने 1090, 112 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और महिला सुरक्षा संबंधी सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
यातायात विभाग से आए टीएसआई दिलीप कुमार बिंद ने सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, यातायात संकेतों तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कैडेटों से यातायात नियमों का पालन कर दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में अग्निशमन विभाग के नीरज द्विवेदी ने आपदा प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा पर व्याख्यान दिया। उन्होंने आग लगने के प्रमुख कारणों, प्रारंभिक बचाव उपायों और आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही डेमो के माध्यम से कैडेटों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और आग पर नियंत्रण के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए।
कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया। इस अवसर पर सहयुक्त एनसीसी अधिकारी कैप्टन इंद्रजीत, मदन मोहन, सेकेंड ऑफिसर दिनेश मिश्रा तथा पीआई स्टाफ सहित बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।
