
आजमगढ़। जनपद में भूमि विवादों के बढ़ते मामलों को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस और राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी विवादों में निष्पक्ष जांच और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
हाल के दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। इस संबंध में पूछे गए सवाल पर एसएसपी ने कहा कि किसी भी विवाद की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यदि जांच में मामला भूमि विवाद का पाया जाता है तो पुलिस तत्काल राजस्व विभाग को अवगत कराएगी। जरूरत पड़ने पर दोनों विभागों की संयुक्त टीम मौके का निरीक्षण कर तथ्यों की जांच करेगी।
एसएसपी ने बताया कि उनके और अपर जिलाधिकारी स्तर से अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संयुक्त रूप से मौके का भ्रमण करें, स्पॉट मेमो तैयार करें तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के माध्यम से साक्ष्यों को सुरक्षित रखें। इससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी।
उन्होंने कहा कि मौके की वास्तविक स्थिति और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी भूमि विवाद के चलते क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि विवाद बढ़ने से पहले ही उनका समाधान हो सके। :::
